Saturday, 6 June 2020

पंकज, पंक-सलिल में पुष्पित,
सुन्दर, सुरभित और सुगन्धित
हृदय-पटल पर यदि खिल जाए,
सचमुच समाधान मिल जाए।
जीवन-नलिन मुदित यदि हर-पल,
तो कठिनाई, मुश्किल भी हल।
विविध रंग,मन-अंबुज पाए,
खुशियों का शतदल खिल जाए।।

हाला,प्याला, मधुशाला

प्रणाम काव्य-धारा---
दिए गये शब्द---हाला,प्याला,मधुशाला

प्रिय!तुम मुझको आज पिला दो,
प्रेम,प्यार-पूरित प्याला।
बाँह छुड़ाकर क्यों जाते हो?
आज न जाओ मधुशाला।।
हाला पीकर नहीं मिटेगी,
अन्तरमन की ये ज्वाला,
मदिर-मदिर मदमस्त हृदय से,
बुला रही है मधुबाला।।
जीवन है अनमोल,घोल देती है विष,मदिरा,हाला।
रोता है परिवार मगर,
तिल-तिल मरता पीने वाला।।
-----------*******------------
डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'
हल्द्वानी (नैनीताल)उत्तराखंड।

शिखरिनी छंद

शिखरिनी छंद---
1.उदित मंद
पीताभ रंग-संग
  बालचंद

2.गाएँगे फाग
संग होरी,धमार
ध्रुपद राग

3.हैं मजबूर
पैदल मजदूर
मंजिल दूर

4.ये छतनार
है पादप रसाल
नमित भार

5.रे नटखट!
बनवारी, छलिया
जा पनघट

6.राग मधुर
गाएँगे मिलकर
सारंगी पर
    ---------*****------          डाॅ0(श्रीमती)गीता मिश्रा 'गीत'
दोहा-लेखन-



1.सत्य-वचन,अमृत-सदृश, झूठ-वचन विष जान।
जिसकी जैसी समझ है,
वैसा करता पान।।
2.श्रेष्ठ कर्म,श्रम जो करें,प्रभु पर कर विश्वास।
बदल जाएँ दुर्भाग्य सब,यदि हो सत्य प्रयास। ।
3.निर्मल मन दर्पण सदृश,ज्यों का त्यों कह देय।
दम्भ,कपट,छल-भरा मन,सारे सुख हर लेय।।
4.परहित,पर-उपकार से,जन्म सफल हो जाय।
ध्यान लगा जो ईश में,भव-सागर तर जाय।।

डाॅ0 श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'
हल्द्वानी, नैनीताल (उत्तराखंड)

सायली छंद

सायली छंद---
1.   प्रकृति
   सबसे महान
  मत करो दोहन
  निष्ठुर परिवर्तन 
      समाधान 

2.     जलन
     झुलसा देता
      तन-मन-धन
         कर लो
          मनन   

3.      शब्द
      नादमय,ब्रह्ममय
उद्वेलित भाव-सहृदय
     समुचित प्रयोग 
          सार्थक

4.     परिवार
       हो संयुक्त
मिले सहारा परस्पर
    अकेला भ्रमित
    किंकर्तव्यविमूढ़

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'
हल्द्वानी, नैनीताल (उत्तराखंड)

सोरठा

सोरठा
1.वसन,घटा सम नील, सौम्य राधिका, गौर तन।नयन गहन द्वय झील, देखि स्याम बेसुध भये।।

2.सुस्मित चितवन रेख, निरख चम्पा सकुचाई।
गन्धराज को देख,खिल गई रजनीगंधा।।

3.इन्द्रधनुष-रंग-सात,विविध रंग, शंकर-धनुष।
अरिदल को दे मात,चाप श्रीराम धरैं जो।।
4.
पश्चिम दिक् कर लाल,भानु अब अस्त हो रहा।
सिंदूरी रँग डाल,उदित कल पूरब होगा।।
---------×÷×÷×÷----------
डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'

Saturday, 15 February 2020

चन्दा

भारतीय दर्शन में कार्य-कारण भाव की  विस्तृत जानकारी  मिलती है।कार्य है तो कारण भी होगा। चाँदनी है तो चाँद भी होगा। प्रत्येक कार्य का कारण अवश्य होता है। यथार्थ व कल्पना के मिश्रण से उत्पन्न यही भावाभिव्यक्ति छोटी-सी रचना में सन्निहित है------------

            चन्दा

दिखा दो मुझको गगन में चन्दा,
न जाने ओझल कहाँ हुआ है?
सितारे भी  झिलमिला रहे हैं,
घटा से अम्बर घिरा कहाँ है?
चलो-चलें,देखें,ढूँढें चन्दा,
कहीं तो वो जगमगा रहा है?
गिरि,कन्दरा,वन-उपवन या मन में,
जहाँ भी वो खिलखिला रहा है।
सुनो प्रिये!चाँद मन में उतरा,
वहीं ये हलचल मचा रहा है।
गगन से जल में,धरा से मन में,
उतर वहाँ, छिप, चमक रहा है।
षोडश कलाएँ दिखा दीं दिल में,
भावों का सागर उमड़ रहा है।
------------×××××-------
डाॅ0(श्रीमती)गीता मिश्रा'गीत'

  सुहानी-सुबह             कविता 1. रँग में अपने रंग दिया, रवि ने सुबह से ही गगन। देख नभ की अरुणिमा को, चारों दिशाएँ भी मगन।। 2.लालिमा भी प्य...