Saturday, 24 February 2024

 

आओ!पर्वत सेऊँचाई ले लें,

दिल में सागर-सी गहराई ले लें। 

धरती से सर्वस्व लुटाना सीखें,

मानव हैं मन में मानवता ले लें।


पावन नाम जग में राम  का ही है,

मनभावन स्याम नाम कम नहीं है।

धाम वृन्दावन या धाम अयोध्या, 

बरसाता जीवन में सावन ही है।


डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'

 

नमन भावों के मोती 🙂👏🏼

विषय-प्रकाश


1.आदि देव पर ही टिकी,जीव-जगत की आश।
बिन उसके ब्रह्माण्ड में, होता नहीं  प्रकाश।।
2.अन्तर्मन ज्योतित रहे,सब ज्योतित हो जाए।
लौ उमंग की जब बढ़े,प्रभु-प्रकाश मिल जाए।।
स्वरचित
डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'

 रघुवर चले अवध की ओर।


मंगल कलश सजे घर द्वारे,

करतल शंख बजे,उर गा रे।

ऋद्धि सिद्धि शुभ लाभ सगुन लखि,

गद्गद झुके नयन कर जोर।।


सरयू सलिल अनिल आनन्दित,

उमड़ी घटा जलाभिषेक हित।

नभ से सुमन गिराएँ हरि हर,

छाई सखी सुहानी भोर।।


सकल भुवन श्रीराम समर्पित,

जन-मन गुण गौरव सुन दर्पित।

शहनाई दुँदुभी नगाड़े,

करते प्रतिपल भाव विभोर।।


रघुवर चले अवध की ओर।

------------- -

डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'


 मनहरण घनाक्षरी


गंगाजल संग घोली,गंधित चन्दन रोली,

अक्षत सुमन धूप,दीपक जलाऊँगी।

ओढ़ पट पीत रंग,भाल कुमकुम संग,

तुलसीदल श्रीफल,प्रेम से खिलाऊँगी।

राम नाम बोल-बोल,आनन्द में डोल-डोल,

चरणामृत घोल-घोल,भक्तों को पिलाऊँगी,

जप तप नाम ध्यान,सिद्धि योग आत्मज्ञान,

व्रत उपवास रख,राम से मिलाउँगी।।


- डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'



     मन की बात


मन की बातें जिससे कह दें,        क्यों धोखेबाज निकलते हैं?

विश्वास करें जब भी जिसपर,

क्यों वे गद्दार निकलते हैं?


सम्मुख मीठा-मीठा बोलें,

पीछे षड्यन्त्र चलाते हैं।

कुटिल चाल,झूठे वचनों से

अपनों को खूब सताते हैं।।


कुछ चाटुकारिता,छल-बल से

सच कहने में ही अटक रहे।

अपने को सबकुछ समझ रहे,

बस स्वार्थ-लाभ में भटक रहे।।


अच्छे को अच्छा कहने में,            कब,कहाँ बुराई होती है?

यदि करें प्रशंसा औरों की,

 तो नहीं हँसाई होती है।।


टेढ़ा आँगन उसका होता,

जो नाच नहीं कर पाता है।

वो खाली ढोल बजाता है,

आधी गागर छलकाता है।।


मन से,वचनों से,कर्मों से,

दिल में कड़वाहट उचित नहीं।

कथनी-करनी का भेद जानते,

इतने भी हम भ्रमित नहीं।।

     --------××××-------

      डाॅ0 श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'

Wednesday, 2 December 2020

सन्तोषं भाव पर रचना

 

[27/10, 16:22] डाॅ0 गीता मिश्रा 'गीत': सन्तोष-भाव पर रचना---

विधि का लिखा जो भी मिला सन्तोष होना चाहिए।

रूप,रंग,शरीर-सौष्ठव,संतति,धन-सम्पदा,
प्रभु-कृपा से जो मिले सन्तोष होना चाहिए।
पद-प्रतिष्ठा,मान-निन्दा,लाभ-हानि,सुख-आपदा,
है परम दानी देवता,संतोष होना चाहिए।।
सत्य है,शिव भी वही,पावन सदा,है सुन्दरम्,
मिलता वही जो भाग्य में सन्तोष होना चाहिए।
कर भरोसा विश्व-गुरु पर,जिसने भेजा है धरा पर।
कर्म-रत तन, धर्म में मन, संतोष होना चाहिए।।
----------×××××××-------------
डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'
हल्द्वानी, नैनीताल (उत्तराखण्ड)
[27/10, 16:25] डाॅ0 गीता मिश्रा 'गीत': प्रणाम काव्य-धारा---
दिए गये शब्द---हाला,प्याला,मधुशाला

प्रिय!तुम मुझको आज पिला दो,
प्रेम,प्यार-पूरित प्याला।
बाँह छुड़ाकर क्यों जाते हो?
आज न जाओ मधुशाला।।
हाला पीकर नहीं मिटेगी,
अन्तरमन की ये ज्वाला,
मदिर-मदिर मदमस्त हृदय से,
बुला रही है मधुबाला।।
जीवन है अनमोल,घोल देती है विष,मदिरा,हाला।
रोता है परिवार मगर,
तिल-तिल मरता पीने वाला।।
-----------*******------------
डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'
हल्द्वानी (नैनीताल)उत्तराखंड।
[27/10, 16:28] डाॅ0 गीता मिश्रा 'गीत': सोरठा
1.वसन,घटा सम नील, सौम्य राधिका, गौर तन।नयन गहन द्वय झील, देखि स्याम बेसुध भये।।

2.सुस्मित चितवन रेख, निरख चम्पा सकुचाई।
गन्धराज को देख,खिल गई रजनीगंधा।।

3.इन्द्रधनुष-रंग-सात,विविध रंग, शंकर-धनुष।
अरिदल को दे मात,चाप श्रीराम धरैं जो।।
4.
पश्चिम दिक् कर लाल,भानु अब अस्त हो रहा।
सिंदूरी रँग डाल,उदित कल पूरब होगा।।
---------×÷×÷×÷----------
डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'
[18/11, 08:26] डाॅ0 गीता मिश्रा 'गीत': ताटंक छंद---मात्रा--30।16,14पर यति।तुकान्त-समचरण।अन्त में तीन गुरु।

याद आ रहा हमें बचपना,बीत गया जो राहों में।
छोटे-छोटे पग धरते थे,घर,गलियों,दो राहों में।
सुबह हुई कब शाम हो गई?कुछ कब लेना-देना था।
रंग-बिरंगे,चन्द खिलौने, लेकर दिवस बिताना था।
घर का काम न करना पड़ता ,मन्दिर नहीं सजाना था।
पढ़ने-लिखने  में खेल-खेल,हमको समय बिताना था।
गिल्ली-डंडा,छुपम-छुपाई,अड्डू ,कंचे या गोली।                         दूर-दूर तक चल देती थी,हम सब बच्चों की टोली।।

डाॅ0 श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'
हल्द्वानी, नैनीताल, (उत्तराखण्ड)
8171881903।

नवाक्षरावृत्ति

 

नवाक्षरावृत्ति----211-122-122

माँ मधुर वीणा दिखा दो,
राग दरबारी सिखा दो।

गान अपना बोल दो माँ,
तान अपनी  खोल दो माँ।

गीत सबको प्रीत देगा,
राग मन को जीत लेगा।

वेद तुमने ही रचाए,
भेद सबसे ही छिपाए।

हो नमन पद्मासिनी का,
हो भजन हँसासिनी का।।

------------×××------------
डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'
हल्द्वानी, नैनीताल (उत्तराखण्ड)

  सुहानी-सुबह             कविता 1. रँग में अपने रंग दिया, रवि ने सुबह से ही गगन। देख नभ की अरुणिमा को, चारों दिशाएँ भी मगन।। 2.लालिमा भी प्य...