Saturday, 24 February 2024

हरिगीतिका----मुक्तक  


 

मात्रा भार---       16,12

चरणान्त---1, 2


अब साल नूतन आ रहा है, 

मन मुदित हर दिन रहें।

पावन सभी की भावना हो,

नीतियाँ पल छिन रहें।

जीवन सफल सार्थक रहें सब,  धर्म धाराएँ बहें।

दीप घर-घर दर जलें,अब  नहीं सुख बिन रहें।।


------×××-----

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 ॐ श्री गुरुवे नमः।



गुरु हैं युक्ति,गुरु हैं मुक्ति,

गुरु शिव शक्ति,गुरु हैं भक्ति।

गुरु हैं ब्रह्मा,गुरु हैं विष्णु,

गुरु हैं शंकर,गुरु हैं सहिष्णु।।

ऊँ श्री गुरुवे नमः।

गुरु हैं उपवेद,मंत्र ऋचाएँ,

चतुर्वेद सुश्री संहिताएँ।

धवल हिमालय,गुरु हैं गंगा,

गगन फहरता,हिन्द तिरंगा।।

ऊँ श्री गुरुवे नमः।

ज्ञान आकरम्,अद्भुत् सरलम्,     

पवित्र संगम,कृपालु हृदयम्।

परम ब्रह्म गुरु जगत् नियंता,

सत्य चित्तमय,आदि अनंता।।

ॐ श्री गुरुवे नमः।

---------+-----

डॉ० गीता मिश्रा 'गीत' 


 दोहे - विषय - हिन्दी         


1.हिन्दी में सब ज्ञान है,हिन्दी अपना मान।

समझ हुई जब से मुझे,गाये हिन्दी गान।

2.सरल शुद्ध रस-खान है,लिपि वैज्ञानिक मीत।

अन्तर्मन की चाह है,रहे सदा ही प्रीत ॥

3.संस्कृत से निकली हुई,तत्सम् तद्भव साथ।

अलंकार रस छंद हैं,विविध विधाएँ हाथ॥

4.रवि समान हिन्दी लगे,ले आती है भोर।

अपनाओ जितना इसे,फैलेगी चहुँ ओर ।।

5.भारत की पहचान है,हम सबका सम्मान।

भारतमाता मानती,हिन्दी है अभिमान।।

6.एक राष्ट्रभाषा बने,दृढ़ हो भारत देश।

अपने में सम्पूर्ण है,हिन्दी का परिवेश।।

7.एक देश में एक ही,भाषा जग की रीति।

भारत ही पीछे रहा,लागू हो अब नीति।।

8.जीवन की हर दौड़ में,हिन्दी देती साथ।

सच्चाई के सामने,झुक जाता है माथ ॥

9.भाँति-भाँति की बोलियाँ, उपभाषा के चित्र।

आंचलिकशब्दावलियाँ,अपनाती बन मित्र।।

10.हिन्दी को भी विश्व में,शीघ्र मिले सम्मान,

अंग्रेजी लिख बोलकर,क्यों करते अपमान।।

-------+------

डॉ० श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 वन्दना गीत


स्थाई -

भारती का करें वन्दनम् वन्दनम्।

भाव सुमनों भरा अर्चनम् पूजन म्।।

1.ज्ञान दीपक तले बुद्धि ज्योतित जले,

स्नेह की आरती मन नयन में पले।।

दिव्य अविराम दर्शन हमें मातु दो, 

भक्तिमय उर में हो नन्दनम् नन्दनम्।।

भारती का करें वन्दनम् वन्दनम्।

भाव सुमनों भरा अर्चनम पूजन म।।

 2.धर्ममय सांस्कृतिक राह हो प्रज्ज्वलम्,

श्वेतअम्बर सदृश हो चरित उज्ज्वलम्।

शान्ति सद्भावना,नीति गुण प्रीति का,

भाल में हो लगा चन्दनम् चन्दनम्।।

भारती का करें वन्दनम् वन्दनम्।

भाव सुमनों भरा अर्चनम् पूजनम्।

3.ब्रह्ममय शब्द रसना में ब्रह्माणि हो,

वाङ्गमय अर्थ रचना में कल्याणि हो।

सप्तसुर मन के मन्दिर में झंकृत रहें,

शंख घंटी सदृश नन्दनम् नन्दनम्।।

भारती का करें वन्दनम् वन्दनम्।

भाव सुमनों भरा अर्चनम् पूजनम्।।


++++++++++ + +

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 घनाक्षरी --मात्रा भार---16

8  8  8  8=32

(सभी मात्राएँ लघु)एक प्रयोग 


नवल किरन सह,शशि निकसत जब,

तन मरकत मणि,सम दमकत सब।

मुख-पट सरकत,चमचम चमकत ,

विरह व्यथित मन,पल-पल तड़पत।।

इत-उत भटकत,प्रिय पग झटकत,

गिरत पड़त दर,उठत डगर पर।

अटपट गति लखि,पकड़त सुधिजन,

छिपत सदन मह,विहंसत परिजन।। 

------×× - - - -

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 मुक्तक - ईश्वर से कामना है


दीपक जलें सभी घर,

तम से उबार देना,

पीड़ा न हो किसी उर,खुशियाँ अपार देना।

जीवन सुगम नहीं है,आगम- निगम हमारे !

डगमग भटक रहे हैं,भव से ही तार देना।।


---------- - 

डॉ० श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 गीत - नववर्ष


स्थाई -

आया प्रथम नवमास डर-डर,

पाया मृदुल उपहास भर-भर।


अन्तरा -

मौसम ठिठुर-ठिठुर कर रहता,

शीतल लहर कहर सब सहता।

धुँध चदरिया ताने कहती,

यह कैसा नव वर्ष थर-थर।।


तुहिन गिराकर गगन रो रहा,

हिम पर्वत बस मगन सो रहा। झीलें नदी ताल जम जाते ,

जो गिरते बहते थे झर-झर।।


ठंडी हवा अकड़ कर बहती,

काँपी धरा सिकुड़ सब सहती

मुरझा रहीं प्रकृति की निधियाँ,

उपवन जीता है अब मर-मर।।


चैत्र माह मनभावन सबसे,

अलि!ऋतुराज आगमन जबसे।

कोंपल नईं खिलें वृन्तों पर,

साल नया परिवर्तन धर-धर।।

-------------

डॉ० श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


  सुहानी-सुबह             कविता 1. रँग में अपने रंग दिया, रवि ने सुबह से ही गगन। देख नभ की अरुणिमा को, चारों दिशाएँ भी मगन।। 2.लालिमा भी प्य...