Saturday, 24 February 2024

 मनहरण घनाक्षरी छंद

 [ शरद् पूर्णिमा ]


स्वर्णिम किरन सह,हँस रहा पूर्णचंद,

दमक रहे सितारे,रजनी धवल है।

हिलमिल-झिलमिल,लगे प्रभु के खिलौने।

नयनाभिराम सब,बिंबक नवल है।।


शीतल मदिर हवा,वन-उपवन फिरे,

रुपहली चाँदनी की,कान्ति भी उज्ज्वल है,

उमंग-तरंग लिये,यामिनी उल्लास भरे,

रीते-रीते मन में भी,खिलता कँवल है।।

---------------

डॉ०श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 विधा -गीत - समीक्षार्थ


आये रे बादरा,छाये रे बादरा।

१.जी घनन घनन करे,

   री!नयन जलन भरे

  हिय पिय पिय ही रटे,

   बाजे रे दादरा।

   छाये रे बादरा।

2. तू पवन मगन रहे,

    देअगन गगन बहे।

    मन नभ तड़ित चमके।

    छलके सुपुरंदरा।

    छाये रे बादरा।।

३. प्रियतम गरजन सुनो,

    तन-मन लरजन गुनो,   

   धिन-धिन, धिक-धिक करे,

    गूँजे घट- कंदरा।

    आये रे बादरा।

 4. फल दल झरने लगे,

     नद जल भरने लगे,

     रज-कण सुमन महके,

     छोड़ो प्रिये तंद्रा।

     आये रे बादरा।।

---------------

डॉ० श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 गीत - 16 मात्राभार


स ग प - | -  -  - - | ध नि  ध ध |प - - -|धप गरे नि - |   - -  - - | ध निध स -|धनिध सं निधप -|  

  मुकुलित कलियाँ डोल रही हैं,

  अतुलित मधुरस घोल रही हैं।

1.रंजित गंधित चन्दन वन है,

  सज्जित मज्जित नन्दन वन है।

  सौरभ मण्डित पुहुप वीथियाँ,

  गुम्फित बन्धन खोल रही हैं।।

  मुकलित कलियाँ डोल रही हैं,

 अतुलित मधुरस घोल रही हैं।

2.अम्बर शोभित रजत चंद्रिका,

   झंकृत करती उदधि तन्त्रिका।

   सरवर तीरे रत्न  सीपियाँ,

   मुक्ता मणियाँ तोल रही हैं।।

   मुकुलित कलियाँ डोल रही हैं।

  अतुलित मधुरस घोल रही हैं।

3.सागर गगन धरा जगमग है,

उज्ज्वल नवल धवल डगमग है।

  शीतल सरस मयङ्क कलाएँ

  मुखरित हो कुछ बोल रही हैं।।

  मुकुलित कलियाँ डोल रही हैं,

 अतुलित मधुरस घोल रही हैं।।

4.रजत रूप रजनी ने पाया,

झिलमिल जल तट तरुवर छाया

 मन्द पवन तन छूकर कहती ,

  प्रकृति सदा अनमोल रही है।।

 स ग प - | -  -  - - | ध नि  ध ध |प - - -|धप गरे नि - |   - -  - - | ध निध स -|धनिध सं निधप -|


डॉ० श्रीमती गीत मिश्रा 'गीत'


 ताटंक  छंद---16-14=30 अन्त में तीन गुरु


मन्दिर की मूरत से हमको,

मिलता एक सहारा है ।

अन्तर्ज्योति जलाकर देखो,

सारा जगत हमारा है। 

मानव की नासमझी करती,

आपस में बँटवारा है।

मन का भ्रम हम दूर करें तो,

जीवन सबसे प्यारा है।। 

निज घट ज्योति जलाए रखना,

प्रभु ही पालनहारा है।

है सबकी अनमोल धरोहर,

तम को इसने मारा है।।

भिन्न कहाँ है ऊपर वाला, 

भव से उसने तारा है। 

आत्मा में ही परमात्मा है,

सबने ही स्वीकारा है।।

---------------

डाॅ0 श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


हरिगीतिका----मुक्तक  


 

मात्रा भार---       16,12

चरणान्त---1, 2


अब साल नूतन आ रहा है, 

मन मुदित हर दिन रहें।

पावन सभी की भावना हो,

नीतियाँ पल छिन रहें।

जीवन सफल सार्थक रहें सब,  धर्म धाराएँ बहें।

दीप घर-घर दर जलें,अब  नहीं सुख बिन रहें।।


------×××-----

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 ॐ श्री गुरुवे नमः।



गुरु हैं युक्ति,गुरु हैं मुक्ति,

गुरु शिव शक्ति,गुरु हैं भक्ति।

गुरु हैं ब्रह्मा,गुरु हैं विष्णु,

गुरु हैं शंकर,गुरु हैं सहिष्णु।।

ऊँ श्री गुरुवे नमः।

गुरु हैं उपवेद,मंत्र ऋचाएँ,

चतुर्वेद सुश्री संहिताएँ।

धवल हिमालय,गुरु हैं गंगा,

गगन फहरता,हिन्द तिरंगा।।

ऊँ श्री गुरुवे नमः।

ज्ञान आकरम्,अद्भुत् सरलम्,     

पवित्र संगम,कृपालु हृदयम्।

परम ब्रह्म गुरु जगत् नियंता,

सत्य चित्तमय,आदि अनंता।।

ॐ श्री गुरुवे नमः।

---------+-----

डॉ० गीता मिश्रा 'गीत' 


 दोहे - विषय - हिन्दी         


1.हिन्दी में सब ज्ञान है,हिन्दी अपना मान।

समझ हुई जब से मुझे,गाये हिन्दी गान।

2.सरल शुद्ध रस-खान है,लिपि वैज्ञानिक मीत।

अन्तर्मन की चाह है,रहे सदा ही प्रीत ॥

3.संस्कृत से निकली हुई,तत्सम् तद्भव साथ।

अलंकार रस छंद हैं,विविध विधाएँ हाथ॥

4.रवि समान हिन्दी लगे,ले आती है भोर।

अपनाओ जितना इसे,फैलेगी चहुँ ओर ।।

5.भारत की पहचान है,हम सबका सम्मान।

भारतमाता मानती,हिन्दी है अभिमान।।

6.एक राष्ट्रभाषा बने,दृढ़ हो भारत देश।

अपने में सम्पूर्ण है,हिन्दी का परिवेश।।

7.एक देश में एक ही,भाषा जग की रीति।

भारत ही पीछे रहा,लागू हो अब नीति।।

8.जीवन की हर दौड़ में,हिन्दी देती साथ।

सच्चाई के सामने,झुक जाता है माथ ॥

9.भाँति-भाँति की बोलियाँ, उपभाषा के चित्र।

आंचलिकशब्दावलियाँ,अपनाती बन मित्र।।

10.हिन्दी को भी विश्व में,शीघ्र मिले सम्मान,

अंग्रेजी लिख बोलकर,क्यों करते अपमान।।

-------+------

डॉ० श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


  सुहानी-सुबह             कविता 1. रँग में अपने रंग दिया, रवि ने सुबह से ही गगन। देख नभ की अरुणिमा को, चारों दिशाएँ भी मगन।। 2.लालिमा भी प्य...