Saturday, 15 February 2020

चन्दा

भारतीय दर्शन में कार्य-कारण भाव की  विस्तृत जानकारी  मिलती है।कार्य है तो कारण भी होगा। चाँदनी है तो चाँद भी होगा। प्रत्येक कार्य का कारण अवश्य होता है। यथार्थ व कल्पना के मिश्रण से उत्पन्न यही भावाभिव्यक्ति छोटी-सी रचना में सन्निहित है------------

            चन्दा

दिखा दो मुझको गगन में चन्दा,
न जाने ओझल कहाँ हुआ है?
सितारे भी  झिलमिला रहे हैं,
घटा से अम्बर घिरा कहाँ है?
चलो-चलें,देखें,ढूँढें चन्दा,
कहीं तो वो जगमगा रहा है?
गिरि,कन्दरा,वन-उपवन या मन में,
जहाँ भी वो खिलखिला रहा है।
सुनो प्रिये!चाँद मन में उतरा,
वहीं ये हलचल मचा रहा है।
गगन से जल में,धरा से मन में,
उतर वहाँ, छिप, चमक रहा है।
षोडश कलाएँ दिखा दीं दिल में,
भावों का सागर उमड़ रहा है।
------------×××××-------
डाॅ0(श्रीमती)गीता मिश्रा'गीत'

Tuesday, 28 January 2020

ये कैसा गणतंत्र

देश की  संसद में नागरिकता संशोधन विधेयक पास होते ही विपक्षी दलों ने जनता को  इतना भड़काया व भ्रमित किया कि हमारा प्रजातंत्र सड़कों पर उतर कर सरकारी  सम्पत्ति को ही जलाने लगा।  हिंसा,दंगे,हत्या व आग की लपटों से देश जलने लगा।ऐसे वातावरण में आह!से निकली कुछ  पंक्तियाँ--------
      ये कैसा गणतंत्र?
ये कैसा गणतंत्र हमारा, ये कैसा गणतंत्र?

तोड़-फोड़ कहीं खून-खराबा,
तार-तार इज्जत,मर्यादा।
आगजनी,दंगे-फ़साद में
लिप्त रहे जनतंत्र।।
ये कैसा गणतंत्र हमारा,ये कैसा गणतंत्र?

फाड़ दिया माँ का ही आँचल
जला दिए श्रृंगार,
मातृभूमि पर हमला करना,
अपनों का षडयंत्र।।
ये कैसा गणतंत्र हमारा,ये कैसा गणतंत्र?

अपने ही अपनों को मारें
समझ नहीं, मतिमंद हैं सारे।
ज़हर  घोल कानों में इनके
फूँक दिया विषमंत्र।।
ये कैसा गणतंत्र हमारा, ये कैसा गणतंत्र ?

विस्फोटों से दिल दहल रहा,
सीने छलनी हैं बेशुमार।
अपने ही करते जब प्रहार,
होता है दूषित लोकतंत्र।।
ये कैसा गणतंत्र हमारा  ये कैसा गणतंत्र ?

मिला न अवसर राजतिलक का,
मिला न मौका गद्दी का।
ऐसे नेता भ्रष्ट चलाते,
दाम,दण्ड के यन्त्र।।
ये कैसा गणतंत्र हमारा, ये कैसा गणतंत्र ?

चक्रव्यूह,शतरंज बिछाकर,
जनता को  भरमाते।
फिर कूटनीति से बुरा फँसाते
नेताओं के तन्त्र।।
ये कैसा गणतंत्र हमारा  ये कैसा गणतंत्र ?

अज्ञानी,भोली,मूर्ख प्रजा,
आपस में ही भिड़ जाती है,
लोभी,भोगी नेताओं के
जपती रहती है मंत्र।।
ये कैसा गणतंत्र हमारा,ये कैसा गणतंत्र ?

------------×××××-----------

डाॅ0 गीता मिश्रा 'गीत'

Thursday, 9 January 2020

चाह

चाह

राष्ट्र की एकता के स्वर बजाकर गीत गाऊँ मैं।
धरा से प्रेम करने की
मधुर सरगम सुनाऊँ मैं।।

देश ही राग,देश आलाप,
देश ही तान सप्त-सुर में।
तराना छेड़ दूँ ऐसा कि
भर दूँ जोश जन-जन में।।


झेलना चाहती मैं, यातनाएँ उन शहीदों की।
जो हँसकर काट देते थे-
'सज़ाए मौत' जीवन की।।


उढ़ाकर ओढ़नी माँ को हरी, धानी या बासंती,
बनाना चाहती हूँ
हर चमन की डाल रसवंती।।


पहनकर केसरी धोती
बनी जो शुद्ध खादी की
झूलना चाहती काँटों भरी
सूली भगत सिंह की।।


उठाकर खड्ग,बरछी,ढाल राणा और रानी के।
मिटाना चाहती अन्याय, शोषण,भेद वसुधा के।।
भुलाकर प्रान्त,भाषा,
रंग की असमानता सारी।
मिलाना चाहती हूँ संस्कृति
चारों दिशाओं की।।


तिरंगा हाथ में ऊँचा उठाकर
शान- से जग में।
यूँ ही बलिदान होना चाहती अपने व़तन पर।।
9.ये भारत है शहीदों का
यहाँ बलिदान वीरों का।
करूँ अर्पण रक्त,तन-मन,
नमन शत-शत कोटि वन्दन।।


-----------डाॅ0 गीता मिश्रा
(राष्ट्र के नाम समर्पित चन्द पंक्तियाँ)

याचना

याचना

ओ सावन-मनभावन मेघा! जन-जन-मन पावन कर दे।
वसुधा के अँचल को जल से, हरा-भरा निर्मल कर दे।।
तू गरज मगर उतना ही गरज, तेरी गर्जन 'जयगान' लगे।

तू बरस यहाँ उतना ही बरस,
धरती को जितनी प्यास लगे।
मत 'फट पड़ना' तू अपनों पर,
जो तेरी राह निहार रहे।
तेरी जलधाराओं से ही,
जो जीवन यहाँ गुजार रहे।।


तेरा विधान'परहित' का है,
अपनी मनमानी मत करना।
हो मन में कितनी उमड़-घुमड़,
सीमा-उल्लंघन ना करना।।


ग़र रौद्र-रूप तेरा होगा,
सब उथल-पुथल मच जाएगी।
आर्त्त-नाद,क्रंन्दन-स्वर से,
धरती कंपित हो जाएगी।।


तेरे तांडव-नर्तन से तो,
हर दिशा यहाँ थर्राएगी।
अतिवृष्टि,बाढ़,भू-कंपन से,
जल-मग्न धरा हो जाएगी।।


याचना यही तुझसे मेरी,
भू का नूतन श्रृंगार रहे।
सम्पूर्ण विश्व के अधरों पर,
नित मन्द,मधुर,मुस्कान रहे।।


------------÷÷÷-------------
डाॅ0 (श्रीमती) गीता मिश्रा
रचना-तिथि--25.7.2018

तिरंगा


मंगल-गीत

आगत गणतन्त्र-समारोह 2019 के शुभ-अवसर पर विश्व -कल्याण की कामना वाली पूर्व-रचित रचना प्रेषित कर रही हूँ------

मंगल-गीत

मंगल सभी का हो यहाँ
सबके मधुर सम्बन्ध हों,
मैं दे रही दिल से दुआएँ
सब सुखी सम्पन्न हौं।

वर्षभर शुभकामनाओं
के दीये जलते रहें,
हर द्वार पर खुशियों के
बन्दनवार लहराते रहें।
सत्यता की धूप देकर
मन-भवन पावन करें,
दुर्भावनाओं का हवन
सद्भावों का अर्चन करें।

सम्मान, उन्नत ज्ञान का
चन्दन लगा हो भाल में,
संकल्प का हो आचमन
कर्त्तव्य पूजन-काल में।

प्रेम-धुन से शंख-सा
जयघोष गुंजित हो सके,
सुख-शांति के तोरण-कलश
चारों दिशाओं में सजें।

पालने में प्यार से-
बचपन सदा पलता रहे,
यौवन ,युवा का खिल उठे,
सौन्दर्य बिखराता रहे।
जो ज़िन्दगी के अनुभवों
का सार लेकर जी रहे,
उन पूर्वजों के भव्य,
अनुपम ज्ञान की छाया रहे।

अन्त में----
कोई न भूखा हो ज़हाँ में
अन्न,जल,धन पा सकें,
निर्धन भी अब हर हाल में
खुशहाल जीवन जी सकें ।
------ डाॅ0 गीता मिश्रा

'भारतमाता'

26जनवरी 2019, गणतंत्र -दिवस के राष्ट्रीय पावन-पर्व पर भारतमाता के अनुपम सौन्दर्य
को याद करते हुए कुछ पंक्तियाँ लिखीं। हम सब भारतीयों की विचारधारा, भारत माँ के प्रति
सर्वस्व-समर्पण की सदैव बनी रहे। इस आशा के साथ प्रेषित कर रही हूँ रचना--

'भारतमाता'
भारतमाता
मैं,विश्वपटल पर सबसे पावन,
दिव्य भूमि जन-जन-मन-भावन,
निर्झर,नदियों के संगम में,
मधुर-मधुर-मृदु गीत सुनाती।
मैं भारतमाता कहलाती।

है रूप नवल,श्रृंगार नवल,
निज बच्चों पर अनुराग धवल,
मैं नीर-नेह-नयनों में ले,
सिंचित कण-कण को करवाती।
मैं भारतमाता कहलाती।

विमल,श्वेत हिमवान है मुझमें,
गहन-सघन वन-प्रांत है मुझमें,
उमड़ रहा रत्नाकर देखो,
मचल-मचल नदियाँ लहरातीं।
मैं भारतमाता कहलाती।

मैं, सरल-सहज भावों वाली,
माधुर्य, मनोहर गुणवाली,
रस,छंद,कला से सजी-धजी,
कुदरत की रचना मदमाती।
मैं भारतमाता कहलाती।

फल-फूलों से लदे हैं टीले,
रंग-बिरंगे बड़े रसीले,
मेरे खेतों की हरियाली,
अनुपम सुन्दरता बिखराती।
मैं भारतमाता कहलाती।

मैं भोले - से बचपन में हूँ,
बाग-बगीचे, उपवन में हूँ,
मैं,नील,हरित,पीताम्बर वाली
थिरक-थिरक दिल धड़काती।
मैं भारतमाता कहलाती।

रंगीन तितलियाँ मँडरातीं,
सुरभित - सुमनों पर इतरातीं,
जब विहग-वृन्द कलरव करते,
तब मन्द-मन्द मैं मुस्काती।
मैं भारतमाता कहलाती।।

रचना-तिथि----26.1.2019
डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा।

  सुहानी-सुबह             कविता 1. रँग में अपने रंग दिया, रवि ने सुबह से ही गगन। देख नभ की अरुणिमा को, चारों दिशाएँ भी मगन।। 2.लालिमा भी प्य...