Saturday, 24 February 2024

 गीत -  शीत ऋतु


शीतल सुरभि सुगन्धित पल- पल,

कोमल कुसुम नमित हैं फल दल।।


पवन विटप सह उलझ बही है,

धवन धरा सब समझ रही है।

तुहिन कणों को हिला-हिला कर,

पावन मन में करती हलचल।।


शीतल सुरभि सुगन्धित पल- पल।

कोमल कुसुम नमित हुए फल दल।।


गगन हवन कर धुंध बनाता,

क्षितिज दिशा को छिपा मनाता।

ओझल किरणें व्याकुल नभ पर,

चीरें सतत श्वेत पट ढल-ढल।।


शीतल सुरभि सुगन्धित पल- पल।

कोमल कुसुम नमित हुए फल दल।।


हरित प्रांत श्वेताभ बने हैं,

शिखर बर्फ़ से ढके तने हैं।

घाट घाटियाँ नदी वादियाँ,

एक रंग भासित नभ-जल- थल।।


शीतल सुरभि सुगन्धित पल- पल।

कोमल कुसुम नमित हुए फल दल।।


--- - - -- - - - - 

डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'


 वसंत पर दो दोहे


मन-आंगन प्रमुदित हुआ,हलचल करता कौन।

वासन्ती परिधान में,चला आ रहा मौन।।


सुमन-वाण ले हाथ में,भेद रहा सबओर।

कामदेव के रूप में,है वसन्त का शोर ।।


- - - - - - - - - -

डॉ० श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 मुक्तक -


कौन कौस्तुभ कान्ति कुल भूषण कृपानिधान हैं,

अवनि अम्बर अम्बु अमृत अनिल आदि विधान हैं।

राम राघव राज्ञ रघुनन्दन सियापति राम हैं,

पूर्ण पावन प्रेम पथ पोषक प्रणम्य प्रधान हैं।।


डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'


 गीत - धर्म-दीपक


स्थायी -

धर्म दीपक जल उठें, जन-मन जगाने के लिए।

अन्तरा -

1.दीन दुखियों का सहारा बन सकें प्रभु शक्ति दो,

गीत गा भजते रहें दिन-रात ऐसी भक्ति दो।

राम धुन सुन,राम-पथ चुन,तम भ्रम भगाने के लिए।।

धर्म दीपक जल उठें,जन-मन जगाने के लिए।

2.प्रेम करुणा भाईचारा का सुखद व्यवहार हो,

राग रंजिश द्वेष कटुता भाव का संहार हो,

शुद्ध निश्छल घट रहे,प्रभु में लगाने के लिए।

धर्म दीपक जल उठें,जन-मन जगाने के लिए।।

3.विश्व के कल्याण की फलती रहे सद्भावना,

नष्ट कर दो जड़ सहित उर में पली दुर्भावना, 

मूल बन कर दो सहारा फल उगाने के लिए।।

धर्म दीपक जल उठें,जन-मन जगाने के लिए।


-डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'



 

आओ!पर्वत सेऊँचाई ले लें,

दिल में सागर-सी गहराई ले लें। 

धरती से सर्वस्व लुटाना सीखें,

मानव हैं मन में मानवता ले लें।


पावन नाम जग में राम  का ही है,

मनभावन स्याम नाम कम नहीं है।

धाम वृन्दावन या धाम अयोध्या, 

बरसाता जीवन में सावन ही है।


डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'

 

नमन भावों के मोती 🙂👏🏼

विषय-प्रकाश


1.आदि देव पर ही टिकी,जीव-जगत की आश।
बिन उसके ब्रह्माण्ड में, होता नहीं  प्रकाश।।
2.अन्तर्मन ज्योतित रहे,सब ज्योतित हो जाए।
लौ उमंग की जब बढ़े,प्रभु-प्रकाश मिल जाए।।
स्वरचित
डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'

 रघुवर चले अवध की ओर।


मंगल कलश सजे घर द्वारे,

करतल शंख बजे,उर गा रे।

ऋद्धि सिद्धि शुभ लाभ सगुन लखि,

गद्गद झुके नयन कर जोर।।


सरयू सलिल अनिल आनन्दित,

उमड़ी घटा जलाभिषेक हित।

नभ से सुमन गिराएँ हरि हर,

छाई सखी सुहानी भोर।।


सकल भुवन श्रीराम समर्पित,

जन-मन गुण गौरव सुन दर्पित।

शहनाई दुँदुभी नगाड़े,

करते प्रतिपल भाव विभोर।।


रघुवर चले अवध की ओर।

------------- -

डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'


  सुहानी-सुबह             कविता 1. रँग में अपने रंग दिया, रवि ने सुबह से ही गगन। देख नभ की अरुणिमा को, चारों दिशाएँ भी मगन।। 2.लालिमा भी प्य...