Saturday, 24 February 2024

 गीत -आंग्ल नववर्ष


आंग्ल नववर्ष का स्वागत, जनवरी माह अभिनन्दन,

सकल शुभफल दे अभ्यागत, भजे मन राम रघुनन्दन।

1.सुरभि शीतलता देती हो, सुमन खिलके महकते हों,

सलिल सबको मिले निर्मल,

मेघ बरसा के कहते हों।।

हरित हों बाग वन उपवन,

रहे मन प्रमुदित मानव का।

भले ही शत्रु अहि लिपटें, 

बिखेरें गन्ध बन चन्दन।।

सकल शुभफल दे अभ्यागत, भजे मन राम रघुनन्दन।

2.जगत् में शान्ति हो सुख हो, भक्ति गीतों से हो रंजन,

रुदन स्वर कष्ट विपदा के, समापन कर दो दुःख भंजन।

प्रकृति के मुग्ध मनहर स्चर,

सुनें जन-जन सहज मन से।

पवन पल्लव विहग कलरव, 

सरल बचपन रुदन क्रन्दन।।

सकल शुभफल दे अभ्यागत, भजे मन राम रघुनन्दन। 

3.अखिल संसार घर-सा हो,

रहे जीवन भी मर्यादित,

निखिल अपनत्व ममता हो,

प्रेम गुण मन में आच्छादित,

मिटें सब भेद झगड़ों के,

परस्पर मैत्री सच्ची हो,

दया करुणा सदा उमड़े,

दिलों में धड़कन स्पन्दन।।

नवल सम्वत् का सुस्वागत,करें नववर्ष अभिनन्दन।

सकल शुभफल दे अभ्यागत, भजे मन राम रघुनन्दन।

---------------

डॉ० श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 दीप+अवलि =दीपावलि

             [गीत ]

स्थाई -

दीप अवलि दमके।

हर घर आँगन,मन्दिर प्रांगन

जगमग पथ चमके।।

अन्तरा -

1.विपुल धरोहर,भू पर नभ पर,

झिलमिल हिलमिल रहें परस्पर। मनहर शुभ घड़ियाँ छाई हैं,

पवन चले थमके।

दीप अवलि दमके।


2.अन्तर्मन हिय पिय मोहित हैं

दीप-रश्मियाँ सह ज्योतित हैं।

छलक रहे घट प्रेम स्नेह से,

चीरे पट तमके।

दीप अवलि दमके ।।


3.धरती का रच गया स्वयंवर,

मुदित क्षितिज रत्नाकर अम्बर।

सरवर झरने तरनि-तरंगें,

मंगल स्वर छमके।

दीप अवलि दमके।।


4.देव सुरेश महेश प्रफुल्लित

कलिकाएँ मधुवन की मुकुलित।

रमा उमा ब्रह्माणी करतीं,

सुमन वृष्टि जमके।

दीप अवलि दमके।।

---------------

डॉ० श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


गीतिका


 शारदे! मैं गा सकूँ तुम कण्ठ दो संगीत का। 

छेड़ दो वीणा सुरों में राग गाऊँ प्रीत का।

तान लूँ,आलाप लूँ मैं या सुनाऊँ गीतिका।

पार नैया को लगा दो ज्ञान दे दो नीति का।

आरती करती रहूँ नित माँ मुझे वरदान दो।

गीत नूतन ही रचूँ,मेधा प्रखर धी दान दो।

साधना पूरी करूँ मैं शारदे संगीत दो।

भावना मेरी सुनो माँ !'गीत'को भी गीत दो।।


---------------

डाॅ0 श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 गीत -  शीत ऋतु


शीतल सुरभि सुगन्धित पल- पल,

कोमल कुसुम नमित हैं फल दल।।


पवन विटप सह उलझ बही है,

धवन धरा सब समझ रही है।

तुहिन कणों को हिला-हिला कर,

पावन मन में करती हलचल।।


शीतल सुरभि सुगन्धित पल- पल।

कोमल कुसुम नमित हुए फल दल।।


गगन हवन कर धुंध बनाता,

क्षितिज दिशा को छिपा मनाता।

ओझल किरणें व्याकुल नभ पर,

चीरें सतत श्वेत पट ढल-ढल।।


शीतल सुरभि सुगन्धित पल- पल।

कोमल कुसुम नमित हुए फल दल।।


हरित प्रांत श्वेताभ बने हैं,

शिखर बर्फ़ से ढके तने हैं।

घाट घाटियाँ नदी वादियाँ,

एक रंग भासित नभ-जल- थल।।


शीतल सुरभि सुगन्धित पल- पल।

कोमल कुसुम नमित हुए फल दल।।


--- - - -- - - - - 

डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'


 वसंत पर दो दोहे


मन-आंगन प्रमुदित हुआ,हलचल करता कौन।

वासन्ती परिधान में,चला आ रहा मौन।।


सुमन-वाण ले हाथ में,भेद रहा सबओर।

कामदेव के रूप में,है वसन्त का शोर ।।


- - - - - - - - - -

डॉ० श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 मुक्तक -


कौन कौस्तुभ कान्ति कुल भूषण कृपानिधान हैं,

अवनि अम्बर अम्बु अमृत अनिल आदि विधान हैं।

राम राघव राज्ञ रघुनन्दन सियापति राम हैं,

पूर्ण पावन प्रेम पथ पोषक प्रणम्य प्रधान हैं।।


डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'


 गीत - धर्म-दीपक


स्थायी -

धर्म दीपक जल उठें, जन-मन जगाने के लिए।

अन्तरा -

1.दीन दुखियों का सहारा बन सकें प्रभु शक्ति दो,

गीत गा भजते रहें दिन-रात ऐसी भक्ति दो।

राम धुन सुन,राम-पथ चुन,तम भ्रम भगाने के लिए।।

धर्म दीपक जल उठें,जन-मन जगाने के लिए।

2.प्रेम करुणा भाईचारा का सुखद व्यवहार हो,

राग रंजिश द्वेष कटुता भाव का संहार हो,

शुद्ध निश्छल घट रहे,प्रभु में लगाने के लिए।

धर्म दीपक जल उठें,जन-मन जगाने के लिए।।

3.विश्व के कल्याण की फलती रहे सद्भावना,

नष्ट कर दो जड़ सहित उर में पली दुर्भावना, 

मूल बन कर दो सहारा फल उगाने के लिए।।

धर्म दीपक जल उठें,जन-मन जगाने के लिए।


-डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'



  सुहानी-सुबह             कविता 1. रँग में अपने रंग दिया, रवि ने सुबह से ही गगन। देख नभ की अरुणिमा को, चारों दिशाएँ भी मगन।। 2.लालिमा भी प्य...