Saturday, 24 February 2024

 दोहे - कलयुगी भटका मानव   


अकर्मण्य है आलसी,माँगे छप्पन भोग।

केवल अपना 1 ध्यान है,तब भी लगते रोग।।


जीवन में भटके सदा,घर से जाता भाग।

पर नारी को मानता,अपनी लगती नाग।।


कथनी करनी हैअलग,छल बल हैं हथियार।

रख घमण्ड धनराशि का,लड़ने को तैयार।।


शतरंजी चालें चले, गिरी हुई है सोच।

बात-बात पर झटकता,कब आएगी लोच।।


मीठी बातों में फँसा,कर देता मजबूर।

निज उल्लू सीधा करे,फिर कर देता दूर।।


जाल बिछाकर फाँसता,छिपकर करता वार।

ऐसा मानव कलयुगी,बना धरा पर भार।।


डॉ०श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 दोहा -

नहीं चाहते अधर भी, निकलें घट के बोल।

मुखरित होते ही कहीं, खुल जाये ना पोल।।


डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'


 माँ तो बस माँ होती है 


नमन करूँ मैं प्रथम गुरू को माँ तो बस माँ होती है। 

उदर-कष्ट सह जन्म दिया,वो बेशकीमती मोती है।

दायित्वों का बोझ लिए विपदा, पीड़ाएँ ढोती है।

तब भी काम-काज करती जब सारी दुनिया सोती है।


ममता का संसार लिए वो बीज,प्यार के बोती है।

निज सर्वस्व लुटा देती, सुख-सपने अपने खोती है।

समदरशी वालीआँखों में पारदर्शिता होती है।

विषम परिस्थिति जब भी आती,

माँ की गोदी होती है। 

--------×××× -- - - -

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 शरद-पूर्णिमा-


पूर्णेन्दु गगने शोभितम्,शीतल मधुरतम् दिव्यतम्।  

उज्ज्वल दिगन्त सुधवलतम,

उत्तुङ्गजल मनमोहितम।



डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत' 


  लघुकथा----घर का बन्धन


घने जंगलों के बीच ऊँची पहाड़ी पर छोटा-सा पत्थरों से बना मकान।  भुवन अपने बूढ़े,आखों की रोशनी खो चुके माता- पिता के साथ रहता था।घर में बँधी गौ माता आजीविका का एकमात्र सहारा थी। 

       बाईस साल के भुवन का विवाह,दूर पहाड़ी पर बसे निर्धन परिवार की कन्या तारा के साथ कर दिया गया। एक महीने बाद ही वह रुपये कमाने शहर चला गया। 

     गौमाता,बूढ़े सास-श्वसुर की सेवा पिछले तीन वर्षों से करते हुए तारा हर दिन दूर तक जाते टेढ़े-मेढ़े रास्तों को,ऊँचे टीले पर खड़ी पथराईआँखों से निहारती,पति के आने का इन्तजार करती है। पर भुवन तो घर के बंधन से मुक्त रहने शहर चला गया।

   आजकल शहर की चमक-दमक वाली ज़िन्दगी में रमजाने वाले भुवन जैसे लड़कों को अपना घर ही  बन्धन लगने लगता है।

 

-------×××----

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 गीत - कैसी ये बनाई दुनिया कन्हाई।


1. तन मन दौलत भ्रमित किये हैं,

जन विष घोलत सहज पिये हैं,

भव सागर दिन रात डराये

गहरी हूँ बहाई चले आ सहाई।।


कैसी ये बनाई दुनिया कन्हाई।


2.भटक रही हूँ जीवन पथ पर,

उलझ गई मैं नयन नीर भर। 

धड़कत उर अति ही घबराये,

ठहरी हूँ सताई विपदा दहाई।।


कैसी ये बनाई दुनिया कन्हाई।


3.विषय तृषित करते दिन रैना,

    राह देख पथराये नैना।

    बंधन मुक्ति दिलानेआजा,

    सुमिरन कर धार बहाई।।


कैसी ये बनाई दुनिया कन्हाई।


---------------

डॉ०श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 विषय---दीपक


1.मैं माटी का छोटा दीपक,

 पथआलोकित करता हूँ।

 जलता रहता,दुःख सहता पर,

 जग-मग ज्योतित करता हूँ।।


2.करूँ समर्पण तन-मन अपना,

 परहित धर्म निभाता हूँ।

 छोड़ स्वार्थ, परमार्थ ही जीता,

 जनहित नीति सिखाता हूँ ।।


3.मैं,बना उजाला तम-पथ का,

  नि:स्वार्थ स्वयं जल जाता हूँ।

 जो भी नेह से भरता रहता,

  उसका साथ निभाता हूँ।।


5.जीवन भले ही छोटा मेरा

   लेकिन राह दिखाता हूँ।

  अन्त समय तक जल-जलकर

  मैं,अपना धर्म निभाता हूँ।।


4.आशा सदा बनाए रखना

हर पल ध्यान रखो मन में।

जीवन-ज्योति जलाए रखना, 

जब तक प्राण रहे तन में।।


----×××××-----

डाॅ0 श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत' 


  सुहानी-सुबह             कविता 1. रँग में अपने रंग दिया, रवि ने सुबह से ही गगन। देख नभ की अरुणिमा को, चारों दिशाएँ भी मगन।। 2.लालिमा भी प्य...