Saturday, 24 February 2024

  लघुकथा----घर का बन्धन


घने जंगलों के बीच ऊँची पहाड़ी पर छोटा-सा पत्थरों से बना मकान।  भुवन अपने बूढ़े,आखों की रोशनी खो चुके माता- पिता के साथ रहता था।घर में बँधी गौ माता आजीविका का एकमात्र सहारा थी। 

       बाईस साल के भुवन का विवाह,दूर पहाड़ी पर बसे निर्धन परिवार की कन्या तारा के साथ कर दिया गया। एक महीने बाद ही वह रुपये कमाने शहर चला गया। 

     गौमाता,बूढ़े सास-श्वसुर की सेवा पिछले तीन वर्षों से करते हुए तारा हर दिन दूर तक जाते टेढ़े-मेढ़े रास्तों को,ऊँचे टीले पर खड़ी पथराईआँखों से निहारती,पति के आने का इन्तजार करती है। पर भुवन तो घर के बंधन से मुक्त रहने शहर चला गया।

   आजकल शहर की चमक-दमक वाली ज़िन्दगी में रमजाने वाले भुवन जैसे लड़कों को अपना घर ही  बन्धन लगने लगता है।

 

-------×××----

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 गीत - कैसी ये बनाई दुनिया कन्हाई।


1. तन मन दौलत भ्रमित किये हैं,

जन विष घोलत सहज पिये हैं,

भव सागर दिन रात डराये

गहरी हूँ बहाई चले आ सहाई।।


कैसी ये बनाई दुनिया कन्हाई।


2.भटक रही हूँ जीवन पथ पर,

उलझ गई मैं नयन नीर भर। 

धड़कत उर अति ही घबराये,

ठहरी हूँ सताई विपदा दहाई।।


कैसी ये बनाई दुनिया कन्हाई।


3.विषय तृषित करते दिन रैना,

    राह देख पथराये नैना।

    बंधन मुक्ति दिलानेआजा,

    सुमिरन कर धार बहाई।।


कैसी ये बनाई दुनिया कन्हाई।


---------------

डॉ०श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 विषय---दीपक


1.मैं माटी का छोटा दीपक,

 पथआलोकित करता हूँ।

 जलता रहता,दुःख सहता पर,

 जग-मग ज्योतित करता हूँ।।


2.करूँ समर्पण तन-मन अपना,

 परहित धर्म निभाता हूँ।

 छोड़ स्वार्थ, परमार्थ ही जीता,

 जनहित नीति सिखाता हूँ ।।


3.मैं,बना उजाला तम-पथ का,

  नि:स्वार्थ स्वयं जल जाता हूँ।

 जो भी नेह से भरता रहता,

  उसका साथ निभाता हूँ।।


5.जीवन भले ही छोटा मेरा

   लेकिन राह दिखाता हूँ।

  अन्त समय तक जल-जलकर

  मैं,अपना धर्म निभाता हूँ।।


4.आशा सदा बनाए रखना

हर पल ध्यान रखो मन में।

जीवन-ज्योति जलाए रखना, 

जब तक प्राण रहे तन में।।


----×××××-----

डाॅ0 श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत' 


 बाल-रचना----घर का मन्दिर        


दादी!मन्दिर में आने दो,

थोड़ी-सी जै-जै करने दो।

घंटी तुम तो रोज बजाती,

मुझको आज बजाने दो।।


आजा! मेरे भोले नटखट,

तुझे सिखा दूँ सबकुछ झटपट।

तू ही मेरा स्याम-सलौना,

जय-जय-जयश्रीराम कहो ना।।


रंग-बिरंगे कितने प्यारे!

पूजा के सामान तुम्हारे। 

यहाँ बैठकर क्या करती हो?

बस माला ही क्या जपती हो?


अम्मा!पानी क्यों रक्खा है?

क्या कान्हा ने सब चक्खा है?

मुझको तो मन्दिर में सारे

लगते खेल-खिलौने प्यारे।।


पंचपात्र' में रखते ही जल,

गंगाजल बन जाता है।

मन्दिर का पानी प्रसाद फल

अमृत बनकर आता है।।

   

प्रभु की चम्मच'आचमनी'है,

इससे ही वो जल पीते हैं।

थोड़ा-सा बस उन्हें चढ़ा दो, 

फिर हम सुख से जीते हैं।।


यह छोटी-सी 'चन्दनदानी,'

रंग-बिरंगी बड़ी सुहानी। 

लाल-लाल रोली कहलाती,

पीला चन्दन रोज लगाती।

 

फूल चढ़ाकर उन्हें सजाती,

दीपक धूप कपूर जलाती।

नहलाकर,टीका करती हूँ, 

मंत्र,श्लोक,भजन कहती हूँ।


दाँये कर से करूँआरती,

बाँये से घंटी बज जाती।

धीरे-धीरे चँवर डुलाती,

जोर-जोर से शंख बजाती।।


सबके सुख की करूँ कामना,

बढ़े और भी भक्ति-भावना।

प्रभु से मागूँ क्षमा,याचना,

तुम भी विद्या,बुद्धि माँगना।।


मैं भी पूजा रोज करूँगा,

ताली जोरों से पीटूँगा।

कान्हा जी को भोग लगाना

अम्मा तुमसे ही सीखूँगा।।


--------------- - - -


डॉ० गीता मिश्रा 'गीत'


 बचपन कविता-


सावन की रिमझिम बूँदों-सा प्यारा बचपन बना रहे।

गोमुख निःसृत गंगाजल-सा पावन बचपन बना रहे।।


बच्चों की किलकारी को सुनने वाले मन,प्राण मिलें।

सहमे,सिकुड़े,भूखे,प्यासे हर बचपन को ही त्राण मिले।।


रंग-बिरंगे खेल-खिलौने घर-आँगन में बिखर पड़ें।

धूम-मचाते,खुशी लुटाते सबके बच्चे निखर पड़ें।।


बचपन बीते मधुर गीत-सा,जीवन भर जो याद रहे।

सुन्दर रंगों में पुष्पित हो,उपवन-सा आबाद रहे।।


बाल-गीत कवि-वृन्द लिखें,लेखनी सदा आह्लादित हो।

संगीत 'गीत'भर देगी उसमें,झूम-झूम आनन्दित हो।।


------×××-  ----

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'

 मदिरा सवैया----नूतन-वर्ष 

 (7भगण211+गुरु)=22वर्ण)



नूतन-वर्ष विकास करे,

नव चेतनता नव भोर रहे।

पूनम चाँद दिखे नभ में,

ॠतु सावन भी चहुँ ओर रहे।

नाव चले तट से जब भी, भव-सागर में पर छोर रहे।

जीव-पतंग उड़े तब भी,

मधुसूदन के कर डोर रहे।।


ओस भरी जल हीर-कनी,

धरती पर अंकित शोभित हो।

कोष भरे सब नीरज भी,

खिल के महकें,मन मोहित हो।

बोल कहीं पिक के सुन के, बगिया अमिया सह पोषित हो।

साल नया सुख दे सबको,

अब निर्धन भी नहिं शोषित हो।


पावन-सी किरणें नित ही, 

थल में नव-जीवन डाल सकें। 

सावन के घट भी सज के,

धरती पर अंकुर पाल सकें।

दोहन कीअब बात न हो,

हर शोषित भी धन जोड़ सकें।

मोहन की मुरली सुन के,

ब्रज के यमुना-तट दौड़ सकें।


दारुण भीषण थी विपदा,अब तो प्रभु केवल तारण हो।

कारण तो हम ही सब थे,

पर हे!प्रभु ताप न मारण हो।

साल नया नव-यौवन दे,

फिर से उगना परती पर हो।

काल बुरा मिट जाए यहाँ,

सबका रहना धरती पर हो।।


--------×××-- -

डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


 अनंद छंद -121  212  121  212  12  = 21 मात्राभार


14 - वर्णिक  चतुष्पदी


मयंक रात में कला निखारता  रहा।

चकोर चाँद की छटा निहारता रहा।

नदीश सीपियाँ गिरा बुहारता रहा।

हिमेश मोद से नदी उतारता रहा।।


शरारि व्योम को डरा पुकारती रही।

बहार रात से लिए गुजारती रही।

बटेर धूल को लगा उतारती रही।

खमाज राग 'गीत' भी सुधारती रही।।


मनोज झूम-झूम फूल तोलता रहा।

सरोज मीत चञ्चरीक खोलता रहा।

खद्योत रोशनी उड़ेल डोलता रहा।

जहान सो रहा प्रपात बोलता रहा।।


डाॅ0श्रीमती गीता मिश्रा 'गीत'


  सुहानी-सुबह             कविता 1. रँग में अपने रंग दिया, रवि ने सुबह से ही गगन। देख नभ की अरुणिमा को, चारों दिशाएँ भी मगन।। 2.लालिमा भी प्य...